Monday, September 3, 2012

अद्भुत और निराली मां बावे वाली


सूर्य पुत्री तविषी (तवी) नदी के पुल से गुजरते हुए हर जम्मूवासी का सिर और पलकें एक पल के लिए झुक जाती हैं। यह पुल से गुजरने का भय नहीं, बल्कि सामने नजर आ रही बावे वाली माता के प्रति श्रद्धा है। उन्हें विश्वास है कि बावे वाली माता हर मुश्किल में उनकी रक्षा करेगी। देवी महाकाली संहार की देवी मानी जाती है, लेकिन जब मानव मात्र द्वारा उनकी आराधना की जाती है तो वे संहारिका से संरक्षिका की भूमिका में आ जाती हैं। ऐसी ही है जम्मू स्थित मां बावे वाली। तविषी नदी के पूर्वी तट पर जम्मू से तकरीबन दो किलोमीटर की दूरी पर बावे इलाके में स्थित होने के कारण इसे बावे वाली माता कहा जाता है। यह मंदिर ऐतिहासिक बाहु किले के भीतर स्थित है। जम्मू राज्य के संस्थापक रहे राजा जम्बूलोचन के बड़े भाई बाहुलोचन के नाम पर इस किले का नाम है। मान्यता है कि जम्मू राज्य को अपनी राजधानी बनाने के बाद जब राजा ने देवी की मूर्ति का मुंह अपने नए महल मुबारक मंडी की ओर करना चाहा, तो वे लगातार नाकाम रहे। अंत में उन्होंने हाथियों की सहायता से देवी शिला को हिलाना चाहा, परंतु जब भी हाथी उस शिला को खींचते तो वे दर्द से चिंघाड़ने लगते। अंत में यह फैसला हुआ कि शक्ति यहीं स्थापित रहेंगी। तब से आज तक शक्तिरूप में यही है जम्मू वासियों की आराध्या। बाहु किले के भीतर इस मंदिर की स्थापना वर्ष 1822 से बताई जाती है। मंदिर के भीतर स्थापित शिला आदि कालीन है, लेकिन इस मंदिर का निर्माण महाराजा गुलाब सिंह के समय का बताया जाता है। मंदिर उत्तरोतर विकास की ओर है। पर्यटकों की सुविधा को देखते हुए अब पूरा ट्रैक पक्का करवा दिया गया है। कई कमरे और नए मंदिर भी मंदिर प्रांगण में बना दिए गए हैं। परंतु विकास की धूल कुछ ऐतिहासिक तथ्यों को ढक भी रही है। आध्यात्मिक महत्व प्राचीन समय में वैष्णो देवी यात्रा केवल तीर्थ के तौर पर ही की जाती थी और इसका एक विशेष सर्किट होता था जिसकी शुरुआत नगरोटा स्थित कौल कंडोली मंदिर से होती थी। उसका अंत यहां बावे वाली माता मंदिर में होता था। वैष्णो देवी में मिलने वाले प्रसाद को जब बावे वाली माता मंदिर के प्रसाद के साथ मिलाया जाता था तभी उसे पूर्ण समझा जाता था। आज भी लोग बच्चों के मुंडन संस्कार और नव विवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिलवाने बावे वाली आते हैं। बलि का निराला अंदाज जम्मू-कश्मीर उन प्रगतिशील राज्यों में से है जो सुधारवादी फैसलों में अग्रणी रहा है। देश के अनेक शक्ति स्थलों की तरह यहां भी बलि प्रथा प्रचलित थी। लेकिन जिस बकरी को एक ही घाट पर शेर के साथ पानी पीते देख राजा जम्बूलोचन को अपनी राजधानी बसाने का ख्याल आया, उसी राज्य में बकरी की हत्या कैसे की जा सकती थी। इसलिए यहां बलि का एक अनूठा अंदाज अपनाया गया। बलि के लिए लाई गई बकरी को मंदिर के सामने निर्मित अहाते में बांध दिया जाता है और उस पर पानी के छींटे मारे जाते हैं। बकरी जब कंपकंपाकर अपने शरीर के बालों को झटकती है तो मान लिया जाता है कि देवी ने बलि स्वीकार कर ली। खास है मावे की बर्फी बावे वाली माता मंदिर के लिए प्रस्थान करते हुए आप देखेंगे कि दोनों और मावे की बर्फी की ढेरों दुकानें हैं। वास्तव में यही है बावे वाली माता के मंदिर का प्रसाद। मावे की यह बर्फी खुले बाजार में मिलने वाली बर्फी से बिल्कुल अलग है। इसे बनाने वाले भी खास है और बेचने वाले भी। शनि और मंगल को मेला बावे वाली माता मंदिर में दिन भर पर्यटकों और स्थानीय लोगों का तांता लगा रहता है, लेकिन यदि मंगलवार या शनिवार हो तब तो यह रौनक सुबह पांच बजे से ही शुरू हो जाती है। शहर के विभिन्न स्थानों से सुबह पांच बजे ही बावे के लिए मिनी बसें चलनी शुरू हो जाती हैं। इन दोनों दिन मंदिर में खास मेला लगता है। जिसमें झूले, खेल-खिलौने और लंगरों का भी आयोजन होता है। नवरात्र में तो यहां की रौनक देखते ही बनती है। माता के मंदिर तक जाने के लिए ड्योढ़ी से लेकर बाहु किले तक लगभग आधा किलोमीटर का पक्का ट्रैक बना हुआ है। जिसके दोनों और छोटी-छोटी दुकानें हैं। इनमें अधिकांश दुकानें प्रसाद की हैं। जबकि हर दस कदम पर आपको मेहंदी वाला और खिलौने वाला भी मिल जाएगा। इसी घुमावदार मिनी बाजार में आप जरूरत की लगभग हर चीज खरीद सकते हैं। स्वाद के चटखारे जम्मू की खास मानी जाने वाली कचालू की चाट यहां भी उपलब्ध है। इसके अलावा कुलचा छोले, कलाड़ी कुलचा, फ्रूट चाट, पूड़ी छोले सहित कई व्यंजनों का स्वाद यहां लिया जा सकता है। माता के दर्शन के बाद ड्योढ़ी से उतरते हुए यदि आप सामने नजर दौड़ाएं तो ढेरों की संख्या में आपको छोटे-छोटे खोमचे और रेहड़ी वाले नजर आ जाएंगें जिनके पास बर्गर, आइसक्रीम से लेकर गोल गप्पे तक का स्वाद मौजूद है। माता के दर्शन के बाद आप यहीं मुगल गार्डन और फिश एक्वेरियम का भी आनंद उठा सकते हैं। माता की ड्योढ़ी से नीचे उतरकर थोड़ी सी दूरी पर बाग-ए-बाहु मौजूद है। यहां आप सीढ़ीनुमा बाग, झरने और फव्वारों का भी आनंद ले सकते हैं। आपकी यादों को कैमरे में कैद करने के लिए फोटोग्राफर खुद आपको ढूंढ लेंगे। वहीं बाग के बिल्कुल साथ में उत्तर भारत का एकमात्र अंडरग्राउंड फिश एक्वेरियम है जहां अलग-अलग रंगों की दर्जनों प्रजाति की मछलियां देखी जा सकती हैं। पहुंचना है आसान बावे वाली माता मंदिर पहुंचने के लिए आपको शहर के किसी भी कोने से आराम से मिनी बस मिल जाएगी। शहर के किसी भी कोने से मंदिर पहुंचने के लिए एक व्यक्ति को मिनी बस में दस रुपये से अधिक नहीं खर्चने पड़ेंगे। लेकिन यदि आप मिनी बस की भीड़ में नहीं फंसना चाहते तो ऑटो रिक्शा और टैक्सी से भी पहुंचा जा सकता है। किले में चलती थी तोप वरिष्ठ लेखक केवल कृष्ण शाकिर कहते हैं पहले जब लोगों के पास घड़ी नहीं होती थी तब उन्हें समय की जानकारी देने के लिए इसी किले से तोप चलाई जाती थी। पहली तोप सुबह छह बजे लोगों को जगाने के लिए, दूसरी दोपहर के ठीक बारह बजे आधा दिन बीत जाने के बाद और तीसरी रात के दस बजे। इस तीसरी तोप के चलने के बाद जम्मू शहर के दरवाजे बंद हो जाया करते थे।

साभार : दैनिक जागरण

4 comments:

  1. aapki is post ke dvaara maata ke is mandir ke vishay mai bahut hi badhiya evam mahtvpoorn jaankari praapt ho sakti abhaar...

    ReplyDelete
  2. bahut badiya bhaktimay prastuti
    JAI MAA BAAVE WAALI!!

    ReplyDelete
  3. हमें भी हो गये दर्शन धन्यवाद !

    ReplyDelete
  4. जानकारी से भरी पोस्ट आभार .....

    ReplyDelete

हमारे तीर्थ स्थान और मंदिर के पाठक और टिप्पणीकार के रुप में आपका स्वागत है! आपके सुझावों से हमें प्रोत्साहन मिलता है कृपया ध्यान रखें: अपनी राय देते समय किसी प्रकार के अभद्र शब्द, भाषा का प्रयॊग न करें।